
नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए सोनी कोसले ने ठोकी दावेदारी, सारंगढ़ को मॉडल नगरपालिका बनाने का पेश किया विजन; भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था, वार्डों का विकास और जनसुविधाओं को बताया प्राथमिकता
सारंगढ़/सुधीर चौहान। नगर पालिका परिषद सारंगढ़ में अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा में अध्यक्ष पद के दावेदारों के बीच अपनी दावेदारी मजबूत करते हुए सोनी देवी कोसले ने नगर विकास का विस्तृत विजन और संकल्प पत्र पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सारंगढ़ को ऐसा अध्यक्ष चाहिए जो केवल कुर्सी की शोभा न बढ़ाए, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करे।
प्रेस वार्ता में सोनी देवी कोसले ने दो टूक कहा कि “चेयर पर बैठने वाला नहीं, जमीन पर उतरकर काम करने वाला अध्यक्ष चाहिए।” उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद उनके लिए सत्ता या प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि नगर की सेवा और विकास की जिम्मेदारी है। यदि भाजपा संगठन उन्हें अवसर देता है तो वे सारंगढ़ को एक आदर्श एवं मॉडल नगरपालिका बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगी।
हर वार्ड में विकास, सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं का वादा
अपने संकल्प पत्र में सोनी कोसले ने प्रत्येक वार्ड के विकास को प्राथमिकता देते हुए स्वागत द्वार, सीसीटीवी कैमरे, बेहतर पेयजल व्यवस्था, बिजली, सड़क और नालियों की नियमित सफाई कराने का विजन रखा। उन्होंने वार्डों में शिकायत पेटी स्थापित करने, गार्डन निर्माण, पुराने उद्यानों के रखरखाव तथा स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही।
इसके साथ ही नगरपालिका में आपातकालीन एंबुलेंस की व्यवस्था, कचरे के व्यवस्थित निपटान, स्वच्छता दीदियों एवं सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए प्रयास और प्रत्येक वार्ड में हर महीने स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने का संकल्प भी सामने रखा।
मुक्तिधाम से लेकर ओपन जिम तक, विकास का खाका तैयार
सोनी देवी कोसले ने कहा कि जिन वार्डों में मुक्तिधाम की सुविधा नहीं है, वहां नए मुक्तिधाम विकसित किए जाएंगे। वहीं पहले से मौजूद मुक्तिधामों का निर्माण, सुधार और नियमित रखरखाव कराया जाएगा। नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने सारंगढ़ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि यह नगर पान, पानी और पालगी की पावन धरा है। काली मंदिर एवं घोघरा नाला के दोनों ओर व्यवस्थित पाथ-वे निर्माण, नगर के तालाबों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
भ्रष्टाचार और अनावश्यक परेशानियों से जनता को दिलाएंगे मुक्ति
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बुजुर्गों, गरीबों और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों की समस्याओं को विशेष प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को नगरपालिका के छोटे-बड़े कामों के लिए अनावश्यक चक्कर लगाने पड़ते हैं और कई बार भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस व्यवस्था में बदलाव लाकर नगरपालिका को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाना उनका लक्ष्य है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाने तथा आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।
भाजपा संगठन के फैसले पर टिकी निगाहें
प्रेस वार्ता में माटी के संदेश के संपादक नरेश चौहान, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से प्रशांत प्रधान, दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ मिलाप बरेठा, वरिष्ठ पत्रकार भरत अग्रवाल सहित जितेंद्र गुप्ता, अविनाश पुरी गोस्वामी, संजू शर्मा एवं महाराज जी उपस्थित रहे।
फिलहाल सारंगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा संगठन का अंतिम निर्णय सामने आना बाकी है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में दावेदारों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सोनी देवी कोसले ने अपने संकल्प पत्र के जरिए विकास, पारदर्शिता और जनसेवा का एजेंडा सामने रखकर अपनी दावेदारी को मजबूती से प्रस्तुत किया है। अब सबकी निगाहें भाजपा संगठन के निर्णय पर टिकी हैं कि आखिर सारंगढ़ की कमान किसके हाथों में सौंपी जाती है।






