
किसानों के हित में संगठन को और मजबूत करने पर बल दें- ज्योति पटेल
किसान देश की रीढ़ है जो तपती धूप और कड़कड़ाती ठंड में मिट्टी से सोना उपजाकर पूरे राष्ट्र का पेट भरता है जिनके हितों की रक्षा करना किसान मोर्चा के कंधे पर – श्री मुरारी नायक
बरमकेला -भाजपा किसान मोर्चा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्योति पटेल जी के मुख्य आतिथ्य एवं किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री मुरारी नायक जी की अध्यक्षता में गरिमापूर्ण माहौल में भाजपा कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक की शुरुआत में किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री मुरारी नायक जी ने स्वागत भाषण दिया और उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।
श्री मुरारी नायक जी ने कहा कि किसान मोर्चा कोई साधारण संगठन नहीं है। हम उस वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं जो इस देश की रीढ़ है, जो तपती धूप और कड़कड़ाती ठंड में मिट्टी से सोना उपजाकर पूरे राष्ट्र का पेट भरता है। हमारे ऊपर केवल एक राजनीतिक संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि देश के अन्नदाता के अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याण का एक पवित्र दायित्व भी है।
आज की इस परिचयात्मक बैठक का मुख्य उद्देश्य केवल एक-दूसरे का नाम जानना नहीं है।इसका वास्तविक उद्देश्य है हम एक-दूसरे के विचारों,कार्यकुशलता और अनुभवों को समझें।हम सब मिलकर एक ऐसी टीम के रूप में तैयार हों, जो जिले के अंतिम छोर पर बैठे किसान तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचा सके।प्रत्येक मंडल और हर बूथ स्तर तक किसान मोर्चा की सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराना भी हम सबका दायित्व है।
आगे उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के हित में अनेक ऐतिहासिक योजनाएं चलाई जा रही हैं चाहे वह सम्मान निधि हो, फसल बीमा हो या सिंचाई और खाद की सुगमता हो। लेकिन इन योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान को तभी मिलेगा जब हमारा किसान मोर्चा धरातल पर सक्रिय रहेगा। हमें किसानों के सुख-दुख का साथी बनना है, उनकी समस्याओं के लिए प्रशासन के सामने उनकी मजबूत आवाज बनना है।
मुझे पूरा विश्वास है कि आज उपस्थित ऊर्जावान और अनुभवी साथियों की यह टोली आने वाले समय में हमारे जिले में किसान मोर्चा को एक नई ऊंचाई पर लेकर जाएगी। आपकी निष्ठा और पुरुषार्थ ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्य अतिथि के आसन से भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्योति पटेल जी ने बैठक को संबोधित करते हुए आगामी कार्ययोजनाओं और किसानों के हित में संगठन को और मजबूत करने पर बल दिया।
बैठक को किसान मोर्चा के वरिष्ठ नेता श्री कुलकित चन्द्रा, श्री कैलाश पण्डा, श्री परिमल चन्द्रा और श्री हरिनाथ खुंटे ने भी संबोधित किया तथा अपने विचार साझा किए।
बैठक का कुशल संचालन किसान मोर्चा के महामंत्री श्री योगेश्वर साहू जी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किसान मोर्चा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री राधामोहन पाणिग्राही जी ने किया।
बैठक में जिला किसान मोर्चा के सभी पदाधिकारीगण,मंडल के अध्यक्ष व महामंत्री गण एवं जिला किसान मोर्चा के कार्यकारिणी सदस्य गण उपस्थित थे।






