
कांकेर में आईपीएल क्रिकेट के नाम पर ऑनलाइन सट्टा और बेटिंग का काला कारोबार चलाने वालों पर कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। “उजियारा अभियान” के तहत थाना सिटी कोतवाली कांकेर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से 07 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, ज्ञानी चौक स्थित माखन भोग होटल के पास कुछ लोग मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैचों और ऑनलाइन कैसीनो गेम में रुपए-पैसों का दांव लगाकर सट्टा खेल रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान अमीन खान, मनीष कावडे, सलमान मेमन और रिजवान फारूकी को रंगे हाथों पकड़ा गया।पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन सट्टा खेलने की बात स्वीकार की। जांच आगे बढ़ाने पर राहुल गिडलानी, अमन खटवानी और एक विधि से संघर्षरत बालक का नाम सामने आया, जो ऑनलाइन बेटिंग के लिए आईडी उपलब्ध कराकर अवैध कमाई कर रहे थे।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और 8 तथा बीएनएस की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अमन खटवानी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध वर्ष 2021 और 2024 में भी विभिन्न अपराध पंजीबद्ध किए जा चुके हैं।कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बनसोडे प्रशिक्षु आईपीएस, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह श्याम सहित थाना और साइबर टीम के कई अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।






