
उलखर और बड़े नावापारा में हुआ सफल आयोजन
सारंगढ़-बिलाईगढ, 6 मई 2026/राज्य सरकार द्वारा संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम उलखर और बरमकेला विकासखंड के ग्राम बड़े नावापारा में भव्य शिविर का आयोजन किया गया।उलखर शिविर में 638 और बड़े नावापारा में 836 आवेदन प्राप्त हुआ। दोनों शिविर का निरीक्षण कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे द्वारा किया गया। उन्होंने सभी स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। कलेक्टर ने यह भी जाना कि किन-किन विभागों में ग्रामीणों द्वारा अधिक आवेदन दिए जा रहे हैं, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी विभाग के अधिकारी कर्मचारी ने मिलकर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुशासन तिहार के इस शिविर ने ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया।

शिविर में ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु पंजीयन कराया, वहीं सुशासन तिहार शिविर में ही कई हितग्राहियों को तत्काल लाभ मिल रहा है। स्वास्थ्य और आयुर्वेद विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच किया गया। साथ ही आयुष्मान कार्ड, निक्षय मित्र को फूड बॉक्स, मत्स्य विभाग द्वारा मछली जाल, दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास का पूर्णता और स्वीकृति प्रमाण पत्र, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, राजस्व विभाग द्वारा किसान पुस्तिका और बी 1 प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं को उपहार और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन किया गया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का आकर्षक स्टॉल भी लगाया गया, जिसने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए ग्रामीणों को जल बचाने की शपथ दिलाई गई। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।






