घरघोड़ा एसडीएम की मनमानी से नाराज पंचायत प्रतिनिधि ने दिया सामूहिक इस्तीफा

रायगढ़/ तमनार । जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत गोढ़ी के पंचायत प्रतिनिधियों ने घरघोड़ा एसडीएम से नाराज होकर पंचायत प्रतिनिधि के पद से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।
पारदर्शिता नहीं तो पंचायत नहीं….
ग्राम पंचायत गोढ़ी (विकासखंड तमनार, जिला रायगढ़) के निर्वाचित जनप्रतिनिधि यह सार्वजनिक रूप से स्पष्ट कहा हैं कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत गोढ़ी से कसडोल तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं और पारदर्शिता का अभाव है।
यह कार्य जिंदल CSR फंड से कराया जा रहा है, कार्य जिसमें ग्राम के कई किसानों की कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। न तो मुआवजा की कोई प्रक्रिया अपनाई गई, न कार्य की लागत, न प्राकलन रिपोर्ट और न ही विभागीय अनुमति की जानकारी ग्राम पंचायत को दी गई। जब हमने – उपसरपंच, सरपंच प्रतिनिधि, पंचगण एवं ग्रामवासी – मिलकर इन विषयों पर जानकारी चाही, तो हमें जवाब देने की बजाय अनुविभागीय अधिकारी (SDM) घरघोड़ा द्वारा नामजद FIR की धमकी दी गई।

यह घटना ना केवल पंचायती राज व्यवस्था का अपमान है, बल्कि जनप्रतिनिधियों की संवैधानिक भूमिका को दबाने का प्रयास है। जब जनप्रतिनिधि ही अपने गांव की जनता की आवाज न उठा सकें, तो पंचायत प्रणाली का औचित्य क्या रह जाता है?
अतः हम, ग्राम पंचायत गोढ़ी के समस्त जनप्रतिनिधि यह घोषणा करते हैं कि हम पंचायत का कार्यभार ग्रहण नहीं करेंगे और वर्तमान प्रशासनिक दबाव के विरोध में सामूहिक त्यागपत्र देने का निर्णय लेते हैं। और इसी क्रम में 06.05.2025 मुख्य कार्यपालन अधिकारी तमनार को हमने अपना सामूहिक त्यागपत्र सौंप कर कहा कि हमारा स्पष्ट मत है: “अगर सुशासन में पारदर्शिता नहीं, तो जनप्रतिनिधियों के लिए पंचायत चलाना भी संभव नहीं।”






