कानूनव्यापारसामाजिक

स्वरोजगार संबंधी लोन प्रकरण किसी भी बैंक से न हो वापस, रखें ध्यान-कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी



*लोन प्रकरण में विजिट के दौरान बैंक कर्मी के साथ विभागीय अधिकारी भी रहे उपस्थित*

*केसीसी में अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों को करें लाभान्वित*

*कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने ली जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं पुनरीक्षण समिति की बैठक*

रायगढ़, 26 जून 2025/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं पुनरीक्षण समिति की बैठक ली। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री जितेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।
          कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि स्वरोजगार से संबंधित कोई भी छोटे लोन प्रकरण किसी भी बैंक से दस्तावेज कमी के कारण वापस नहीं होने चाहिए, दस्तावेज कमी होने पर हितग्राहियों को जानकारी देने के साथ ही संबंधित विभाग को सूचित करना सुनिश्चित करें।  इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि बैंक में प्रकरण जाने से पूर्व दस्तावेज पूर्ण हो यह विभाग के जमीनी स्तर के अधिकारियों का जिम्मा है। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए कि अधिक से अधिक लोन वितरित कर लोगों को स्वरोजगार से जोड़े। उन्होंने मुद्रा लोन में हितग्राहियों की संख्या को बढ़ाने के निर्देश दिए।
          कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने बैंकवार लक्ष्य की समीक्षा करते हुए लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान एलडीएम श्री कमल किशोर सिंह ने बताया कि बैंकों द्वारा कैम्प लगाकर लोगों को हितग्राही मूलक योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की जा रही है। जिस पर कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि बैंक इसमें स्थान चयन कर बुजुर्ग व्यक्तियों को फोकस करें, ताकि जो बुजुर्ग घर से बैंक नहीं जा सकते उन्हें बैंक में संचालित योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके साथ विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह को योजनाओं का लाभ प्रदान करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि क्रेडिट लिंकेज शासन की महत्वपूर्ण योजना के साथ प्राथमिकता रही है। उनको क्रेडिट देकर लोगों को स्वरोजगार प्रदान करें।
           कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने प्राथमिकता क्षेत्र की उपलब्धि, कमजोर वर्ग को ऋण, महिलाओं को ऋण, अल्पसंख्यक वर्ग को ऋण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, खादी ग्रामोद्योग, जिला व्यापार एवं उद्योग, अंत्योदय स्वरोजगार योजना एवं आदिवासी स्वरोजगार योजना, किसान क्रेडिट कार्ड जैसे विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने अंत्योदय स्वरोजगार योजना के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बैंकवार केसीसी प्रकरण की समीक्षा की। उन्होंने कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा बनाए गए केसीसी प्रकरण की अद्यतन प्रगति एवं बैंकों में लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने केसीसी के कम वितरण एवं लंबित प्रकरणों पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विभिन्न बैंकों में केसीसी प्रकरण लंबित है, उन्हें प्राथमिकता से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बैंकों एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि केसीसी एवं अन्य लोन प्रकरण में बैंक के अधिकारियों के फील्ड विजिट के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी साथ में उपस्थित रहे, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अंत्योदय स्वरोजगार एवं आदिवासी स्वरोजगार योजना में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नाबार्ड के कार्ययोजना एवं लक्षित हितग्राहियों की जानकारी लेते हुए विभागीय अधिकारियों से समन्वय कर योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बैंकवार पीएम सूर्य के लक्ष्य की जानकारी भी ली। इस अवसर आरबीआई से श्री नवीन तिवारी, एलडीएम श्री कमल किशोर सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
*आर्थिक सुरक्षा के लिए करवाए बीमा*
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा जैसे विभिन्न बीमा योजनाओं के प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोगों को बीमा के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि अप्रिय स्थिति में उनके परिवार को सुरक्षा के साथ आर्थिक सहयोग मिल सके। उन्होंने बीमा क्लेम एवं सेटलमेंट के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कृषि विभाग को फसल बीमा बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
*फाइनेंशियल फ्रॉड से बचने करें जागरूक*
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि वर्तमान में फाइनेंशियल फ्रॉड के काफी मामले आ रहे हैं। वहीं इन्टरनेट बैंकिंग में सर्वाधिक युवा वर्ग है, जो लिंक में क्लिक कर या अन्य माध्यम से फाइनेंशियल फ्रॉड के शिकार हो रहे है। उन्हें जागरुक जागरूक करें, ताकि उन्हें वित्तीय नुकसान से बचाया जा सके।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button