
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 16 मई 2023/ कलेक्टर डॉ फरिहा आलम सिद्दीकी मुख्य अतिथि के रूप में बरमकेला के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित ब्लॉक स्तरीय समर गेम समापन कार्यक्रम में शामिल हुई। कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने कक्षावार बच्चों के गतिविधियों-रंगोली प्रतियोगिता, भाषण, गीत, पेंटिंग, डांसिंग, संगीत, एवं भेलपुरी, भौंरा-बाटी, कैरम बोर्ड, मेहंदी एवं लेखन आदि का अवलोकन किया। कलेक्टर ने इंग्लिश में बच्चों से वार्तालाप किया। मेहंदी से बहुत प्रभावित होकर कलेक्टर डॉ. सिद्दीकी ने अपने हाथों मे बच्चों से मेहंदी लगवायी। नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ कलेक्टर ने मोबाइल में सेल्फी फोटो लेकर उनका उत्साहवर्धन किया। आंख से दिव्यांग बच्ची के साथ कलेक्टर ने बातचीत की और उनका आत्मविश्वास को मजबूत करने प्रोत्साहित की।

कलेक्टर फरिहा आलम ने बच्चों से समर गेम के बारे में अनुभव को सुनीं। डॉ. सिद्दीकी ने कहा कि समर गेम के माध्यम से कई गतिविधियों में भाग लेकर छात्र-छात्राओं द्वारा ग्रीष्मावकाश का सदुपयोग किया जा रहा है। बच्चों की झिझक दूर के साथ उनमें सहयोग, सद्भावना तथा क्रियाशीलता की भावना उत्पन्न होती है। समर कैंप के सफल आयोजन के लिए शिक्षक व छात्रों को बधाई देते हुए उनसे और अच्छा नवाचार अपनाने को कहा। उन्होंने स्वामी आत्मानंद स्कूल के शिक्षा के बारे मे बच्चों की तारीफ की और मेरिट लिस्ट के छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कलेक्टर डॉ फरिहा आलम सिद्दीकी ने कहा की किसी भी बच्चे का सर्वांगीण विकास तभी हो पाता है जब वह पढ़ाई के अलावा दूसरी गतिविधियों में भी शामिल होता है। इस दौरान एक बच्ची ने रानी लक्ष्मीबाई की कविता सुनाई।







