बोईरडीह धान खरीदी केंद्र में गूंजा किसानों का उत्साह, डॉ. अभिलाषा नायक ने किया विधिवत शुभारंभ

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी, किसानों को मोबाइल ऐप से घर बैठे टोकन की सुविधा
बरमकेला। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सेवा सहकारी समिति बोईरडीह में शनिवार को धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक ने जनप्रतिनिधियों और किसानों की गरिमामयी उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया। खरीदी शुरू होते ही किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत माता अन्नपूर्णा, माता लक्ष्मी एवं भगवान बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों ने नारियल फोड़कर तथा पहले किसान की बोहनी कराकर खरीदी प्रक्रिया का विधिवत आगाज किया।

3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा धान का मूल्य
इस अवसर पर डॉ. अभिलाषा नायक ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक धान खरीदी की जाएगी। इस वर्ष धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था भी की गई है, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की मेहनत और परिश्रम से ही प्रदेश की कृषि व्यवस्था मजबूत होती है। धान खरीदी का शुभारंभ क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी किसान भाइयों को धान खरीदी प्रारंभ होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

जनप्रतिनिधियों एवं किसानों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष रामकुमार पटेल, सरपंच विनीता प्रमोद नायक, कृषक मुकेश चौधरी, तिलक नायक, विशेश्वर नायक, प्रमोद नायक, सहकारिता विस्तार अधिकारी अजय सिंह सिदार, समिति प्रबंधक हरकिशन नायक, ऑपरेटर अंकित पंडा, पटवारी कृष्णा कुर्रे, त्रिलोकी पटेल, साधुलाल साहू सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
धान खरीदी केंद्र के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। किसानों ने उम्मीद जताई कि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित होगी और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य समय पर प्राप्त होगा।






