Uncategorized

जनजातीय गौरव दिवस पर अपमान का ‘तीर’! न्योता देकर बुलाए गए पहाड़ी कोरवा आदिवासियों को गेट पर रोका, सड़क पर बैठकर किया विरोध

धरमजयगढ़/रायगढ़। जनजातीय गौरव दिवस पर आदिवासी अस्मिता और सम्मान को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सरकारी आयोजनों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड और आदौपानी गांव से विशेष निमंत्रण पर पहुंचे पहाड़ी कोरवा आदिवासियों को कार्यक्रम स्थल के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों के हाथों में पारंपरिक तीर-धनुष होने के कारण सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी। इससे नाराज होकर ग्रामीण कार्यक्रम स्थल के बाहर सड़क पर बैठ गए और अपना विरोध दर्ज कराया।

तीर-धनुष छोड़ने की शर्त पर प्रवेश, ग्रामीणों ने किया इनकार

ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें आयोजकों की ओर से पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था। इसी निर्देश के अनुसार वे दूर-दराज के क्षेत्रों से धरमजयगढ़ पहुंचे थे। लेकिन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें तीर-धनुष बाहर रखने के बाद ही अंदर जाने की बात कही।

आदिवासी समाज के लिए तीर-धनुष केवल पारंपरिक हथियार नहीं, बल्कि उनकी संस्कृति, परंपरा, आस्था और पहचान का प्रतीक है। ऐसे में ग्रामीणों ने इसे बाहर रखने से इनकार कर दिया और कार्यक्रम स्थल के बाहर ही बैठकर विरोध जताया।

“तीर-धनुष ही हमारा जीवन और पहचान है”

ग्रामीण भूदा और नंदकुमार राय सहित अन्य लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब उन्हें तीर-धनुष के साथ आने का निमंत्रण दिया गया था, तो कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद रोकने की वजह क्या है? ग्रामीणों का कहना था कि वे अपने समाज के सम्मान और बुलावे का मान रखने के लिए लंबा सफर तय कर यहां पहुंचे थे, लेकिन प्रवेश द्वार पर ही उन्हें अपमान का सामना करना पड़ा।

नंदकुमार राय ने स्पष्ट कहा कि तीर-धनुष उनकी संस्कृति और जीवन का हिस्सा है। इसे बाहर छोड़कर वे कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि तीर-धनुष के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं थी, तो उन्हें पहले ही इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई?

आदिवासी मुख्यमंत्री के प्रदेश में आदिवासियों के सम्मान पर सवाल

इस घटना के बाद सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री होने के बावजूद आदिवासी समुदाय के लोगों को अपने ही समाज के गौरव दिवस कार्यक्रम में प्रवेश नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। खास बात यह है कि विरोध करने वाले ग्रामीण मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर से धरमजयगढ़ पहुंचे थे।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मंचों से आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के सम्मान की बातें की जाती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उन्हीं परंपराओं को लेकर उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।

आयोजकों और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

कार्यक्रम स्थल के बाहर विरोध कर रहे पहाड़ी कोरवा ग्रामीणों ने पूरे मामले की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उन्हें पारंपरिक तीर-धनुष के साथ आने का निमंत्रण दिया गया था, तो आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था के साथ पहले से समन्वय करना चाहिए था।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

गौरव दिवस पर उठे कई बड़े सवाल

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर सामने आई यह घटना प्रशासनिक व्यवस्था और आयोजकों के बीच समन्वय पर सवाल खड़े करती है। जिस आयोजन का उद्देश्य आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और गौरव को सम्मान देना है, उसी आयोजन में पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को प्रवेश नहीं मिलना गंभीर विषय बन गया है।

अब सवाल यह है कि क्या आदिवासी संस्कृति का सम्मान केवल मंचों से भाषण देने तक सीमित रहेगा, या फिर जमीनी स्तर पर भी उनकी परंपराओं और अस्मिता को उचित सम्मान मिलेगा? फिलहाल ग्रामीणों ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की है। प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button