कानूनक्राइमशिक्षा

घरघोड़ा में मासूम छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप, 52 वर्षीय शिक्षक गिरफ्तार; पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा गया जेल

स्कूल जाने से मना करने पर बच्ची ने दादी को बताई आपबीती, शिकायत मिलते ही पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

घरघोड़ा/रायगढ़। शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां प्राथमिक शाला में पदस्थ 52 वर्षीय शिक्षक पर करीब 6 वर्ष 4 माह की मासूम छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। बच्ची की दादी की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को बच्ची की दादी ने थाना घरघोड़ा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि जब उसने अपनी नातिन को स्कूल जाने के लिए कहा तो बच्ची ने स्कूल जाने से मना कर दिया। कारण पूछने पर मासूम ने बताया कि 12 नवंबर को दोपहर में स्कूल के शिक्षक अजय कुमार भट्ट उसे और कक्षा के एक अन्य बालक को दूसरे कमरे में ले गए थे। बच्ची के कथन के अनुसार, वहां शिक्षक ने कुर्सी पर बैठकर अपना निजी अंग दिखाया।

मासूम की बात सुनकर परिजनों ने गांव के प्रमुख लोगों को इसकी जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने आवश्यक जानकारी लेकर महिला को शिकायत दर्ज कराने थाना घरघोड़ा पहुंचाया।

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

महिला के लिखित आवेदन पर पुलिस ने आरोपी अजय कुमार भट्ट, पिता स्वर्गीय रमेश चंद्र भट्ट, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम ठूसेकेला थाना खरसिया, के विरुद्ध अपराध क्रमांक 339/2026 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 12 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ और विवेचना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

फिलहाल घरघोड़ा पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में मासूम बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button