
रायगढ़। ग्रामीण अंचलों की बेटियां अब खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित कबड्डी प्रशिक्षण कार्यक्रम के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पेंड्रा-मरवाही में आयोजित 26वीं जूनियर राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के लिए घोषित रायगढ़ जिला टीम की 14 सदस्यीय सूची में अदाणी फाउंडेशन से प्रशिक्षित 11 बालिकाओं ने जगह बनाई है। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम और लगन का परिणाम है, बल्कि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों की भी बड़ी सफलता है।
छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के तत्वावधान में जिला कबड्डी संघ पेंड्रा-मरवाही द्वारा 13 से 15 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें रायगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली अदाणी फाउंडेशन की चयनित खिलाड़ियों में ऋतु सिदार, सरोजनी भारद्वाज, बिंदिया सिदार, अंजू निषाद, अनीता सिदार, माही गुप्ता, रेशमा, लक्ष्मीन यादव, पुष्पा मैत्री, खुशबू बारेठ और गुंजन सिदार शामिल हैं।

2022 से अब तक 35 खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर बनाई पहचान
अदाणी फाउंडेशन द्वारा वर्ष 2022-23 से शुरू किए गए नियमित कबड्डी प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को खेल की बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि अब तक यहां प्रशिक्षित 35 बालिकाएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं, जबकि पांच बालिकाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है।
हाल ही में आयोजित प्रतिष्ठित चक्रधर समारोह के दौरान जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में भी अदाणी फाउंडेशन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया था।

खिलाड़ियों को दी गई शुभकामनाएं
खिलाड़ियों के चयन और प्रतियोगिता के लिए रवाना होने के अवसर पर जिला एमेच्योर कबड्डी संघ के सचिव राजेश पटनायक सहित खेल संघ के पदाधिकारी, कोच और वरिष्ठ खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने चयनित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी अपने खेल कौशल से रायगढ़ जिले का नाम रोशन करेंगी।
अदाणी पावर लिमिटेड रायगढ़ के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (ऑपरेशन एंड प्रोजेक्ट) ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को खेल के मैदान में आगे बढ़ते देखना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 11 खिलाड़ियों का चयन उनके अनुशासन, मेहनत और प्रशिक्षकों के बेहतर मार्गदर्शन का प्रमाण है।

वहीं, अदाणी पावर लिमिटेड रायगढ़ के चीफ बिजनेस ऑफिसर ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सही मंच, अवसर और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना अदाणी फाउंडेशन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रशिक्षित बालिकाओं की जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता यह साबित करती है कि उचित अवसर मिलने पर ग्रामीण बेटियां भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
खेल के साथ शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर भी जोर
उल्लेखनीय है कि अदाणी फाउंडेशन रायगढ़ के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में खेल के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, महिला आजीविका और कौशल विकास के क्षेत्र में भी लगातार कार्य कर रहा है। कबड्डी प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 11 खिलाड़ियों का चयन इसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।






