
रायगढ़:- नवागढ़िया कन्नौजिया यादव ठेठवार समाज छत्तीसगढ़ के प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ के नेतृत्व में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, एवं उड़ीसा के लगभग 180 वरिष्ठ जनों के द्वारा बीते 16 से 18 दिसंबर को तीन दिवसीय सरगुजा समरसता यात्रा निकाली गई। यात्रा को सफल बनाने के लिये समाज के वरिष्ठ जनों, युवाओं एवं सभी वर्ग के सांथियों ने सहभागिता निभाई।
यात्रा के अन्तर्गत शहीद ग्राम तिलगी मे 16 दिसंबर की रात्रि शहीद शिवकुमार सिदार स्मृति सामुदायिक भवन में कवि जयंत यादव (कोतासुरा) कौशल यादव (कोतासुरा) घनश्याम सिदार (तिलगी) तथा ग्राम तिलगी के सरपंच के विशेष सहयोग से वीर रस की उभरती कवयित्री कु नेहा ठेठवार ” चिंगारी” के संयोजन में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन भेलवां टिकरा निवासी छंदगुरु, गीतकार एवं संगीतकार आदरणीय पुरुषोत्तम ठेठवार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में वीर रस के सशक्त हस्ताक्षर कवि जयंत यादव (कोतासुरा) ने अपनी छंदों के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वही श्रृंगार रस के नामचीन कवि कमलेश यादव (कुम्हारी, बरमकेला) ने अपनी प्रेम से भरी कविताओं के माध्यम से युवाओं के भीतर प्रेम के अद्भुत रस घोल दिया। वहीं छत्तीसगढ़ की वीर रस की उभरती कवियत्री कु. नेहा ठेठवार “चिंगारी” (धरमजयगढ़) ने शहीद विप्लव त्रिपाठी जी की गाथा सुनाकर श्रोताओं को रोने को मजबूर कर दिया।वहीं खैरागढ़ से आये कवि सनुक लाल यादव ने अपने छंदों के माध्यम से यादवों की गाथा को प्रस्तुत कर युवाओं को नया संदेश दिया। कड़कड़ाती ठंड में भी श्रोता देर रात तक काव्यानंद लेते रहे।
कार्यक्रम के अंत मे प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष परमानंद यादव, महासचिव नरोत्तम यदु, कोषाध्यक्ष पुष्कर यादव समाज के जामवंत श्री मनीराम यादव एवं समाज के सभी सदस्यों द्वारा कवियों का स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया एवं आभार प्रकट किया।






