कार्यक्रमखेलशिक्षा

पुसौर में महिला खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आयोजन, 350 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम

रायगढ़// विकासखंड पुसौर में मंगलवार को महिला खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। दर्राखार स्थित इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे मैदान में जोश, उमंग और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।

संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 10 खेलों को शामिल किया गया। 9 से 18 वर्ष और 18 से 35 वर्ष आयुवर्ग में लगभग 350 प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयोजन का संचालन विकासखंड शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार देवांगन के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी जीवन पटेल और अन्य अतिथियों द्वारा माँ शारदे एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्रों पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत पुष्पाहार से किया गया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए खेलों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि खेल आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया और महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, व्यायाम शिक्षकों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रतियोगिता का विधिवत समापन किया गया।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button