
मनेंद्रगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) नगर इकाई मनेंद्रगढ़ द्वारा जनजातीय गौरव और महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया गया। साथ ही उनके जीवन, संघर्ष और विचारों पर आधारित संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर मंत्री महेश कौशिक ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, संघर्ष और सामाजिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने जल, जंगल, जमीन, जनजातीय संस्कृति और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उनके विचार आज भी युवाओं को अपने अधिकारों, संस्कृति और सामाजिक सम्मान के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सबसे पहले स्वयं में परिवर्तन करना आवश्यक है। महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल औपचारिक आयोजन या सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करना नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना होना चाहिए।
महेश कौशिक ने भगवान बिरसा मुंडा, स्वामी विवेकानंद और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर ही जागरूक, समरस और विकसित समाज का निर्माण संभव है।
संगोष्ठी में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक एकता, युवाओं की जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में नगर मंत्री महेश कौशिक, महाविद्यालय अध्यक्ष राजबली, नगर कार्यकारिणी सदस्य सुरेश, समय लाल, राजा सहित ABVP के अन्य कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
संदेश: भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।






