सामाजिकसुरक्षास्वास्थ्य

खाट पर अस्पताल ले जाई जा रही गर्भवती कोरवा महिला ने रास्ते में तोड़ा दम, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

छुही पहाड़ गांव में न सड़क, न एंबुलेंस की सुविधा! 23 वर्षीय बसंती की मौत के बाद बिना पोस्टमार्टम हुआ अंतिम संस्कार, स्वास्थ्य विभाग को घटना की भनक तक नहीं

कुड़ेकेला। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के दूरस्थ वनांचल से स्वास्थ्य व्यवस्था को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक ओर सरकार आदिवासी अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सड़क कनेक्टिविटी पहुंचाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत ऐसी है कि एक गर्भवती महिला को इलाज के लिए अस्पताल तक पहुंचाने ग्रामीणों को खाट का सहारा लेना पड़ा। दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही 23 वर्षीय महिला की सांसें थम गईं। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर वनांचल में स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़क और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खाट पर अस्पताल ले जाने की मजबूरी, रास्ते में जिंदगी की जंग हारी बसंती

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान बसंती, उम्र 23 वर्ष, पति रामू कोरवा के रूप में हुई है। वह विशेष पिछड़ी जनजाति कोरवा समुदाय से ताल्लुक रखती थीं और छुही पहाड़ गांव की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। गांव तक पक्की सड़क और एंबुलेंस पहुंचने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें खाट पर लिटाकर अस्पताल ले जाने का फैसला किया।

ग्रामीण खतरनाक और पथरीले रास्तों से होकर पैदल ही उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बसंती ने दम तोड़ दिया। एक महिला की जिंदगी बचाने की कोशिश आखिरकार बेबस ग्रामीणों की आंखों के सामने दर्दनाक अंत में बदल गई।

मौत के बाद भी उठे सवाल, बिना पोस्टमार्टम कर दिया अंतिम संस्कार

इस घटना में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के साथ-साथ मौत के बाद अपनाई गई प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार महिला की मौत के बाद पुलिस को सूचना दिए जाने, मर्ग कायम होने और पोस्टमार्टम जैसी प्रक्रियाओं के बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

आखिर किन परिस्थितियों में महिला की मौत हुई? क्या स्थानीय प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी? क्या मौत के कारणों की जांच की गई? इन सवालों का जवाब सामने आना अभी बाकी है।

बीएमओ को घटना की जानकारी तक नहीं, विभागीय निगरानी पर सवाल

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब धरमजयगढ़ के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) से इस संबंध में संपर्क किया गया। बताया गया कि बीएमओ ने फोन पर घटना की जानकारी होने से इनकार किया। ऐसे में सवाल उठता है कि दूरस्थ वनांचलों में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति क्या है?

सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच आखिर कब खत्म होगी दूरी?

विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों तक बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं, लेकिन छुही पहाड़ की यह घटना उन योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करती है। जब किसी गांव में एंबुलेंस तक नहीं पहुंच सकती और गंभीर मरीज को खाट पर ढोकर अस्पताल ले जाना पड़े, तो विकास के दावों की हकीकत पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बसंती की मौत की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या प्रशासन इस मामले की निष्पक्ष जांच कराएगा? क्या छुही पहाड़ सहित अन्य दुर्गम गांवों में सड़क, एंबुलेंस और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी, या फिर किसी अगली जिंदगी के जाने का इंतजार किया जाएगा?

यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि वनांचल में रहने वाले उन लोगों की पीड़ा है, जिनके लिए आज भी समय पर अस्पताल पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button